कृषि मंत्रालय ने दो अहम MoU किए साइन…
DB l किसानों और ग्रामीण महिलाओं के लिए आय बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में कृषि भवन, नई दिल्ली में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी भी उपस्थित रहे।
पहला MoU कृषि एवं किसान कल्याण विभाग और डाक विभाग के बीच हुआ, जिसके तहत बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के सैंपलों की सुरक्षित, टैंपर-प्रूफ और डिजिटल ट्रैकिंग आधारित ढुलाई की व्यवस्था की जाएगी। इससे घटिया कृषि इनपुट पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की सबसे बड़ी समस्या नकली और खराब गुणवत्ता वाले बीज व कीटनाशक हैं। इस नई व्यवस्था से सैंपलों की छेड़छाड़ और देरी की गुंजाइश खत्म होगी और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।

दूसरा MoU ग्रामीण विकास मंत्रालय, डाक विभाग और DAY-NRLM के बीच हुआ, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और आजीविका के अवसरों का विस्तार करना है। चौहान ने बताया कि DAY-NRLM से जुड़ी 2 करोड़ से अधिक ‘लखपति दीदियों’ की आय में इस पहल से 15 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक की बढ़ोतरी संभव है। ‘बीसी सखी’ मॉडल को डाक विभाग के विशाल नेटवर्क से जोड़कर गांव-गांव तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से लास्ट-माइल डिलीवरी और मजबूत होगी। पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं, सुकन्या समृद्धि योजना, कैश ट्रांसफर जैसी सेवाएं घर-घर पहुंचेंगी।
मंत्रियों ने इसे ‘Whole of Government’ दृष्टिकोण का उदाहरण बताते हुए कहा कि ये MoU किसानों की सुरक्षा, ग्रामीण महिलाओं की आय और विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति देंगे।
