DB l बांग्लादेश में जल्द होने वाले चुनाव से पहले युनूस सरकार ने ट्रेड डिप्लोमेसी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। भारत के करीबी मित्र माने जाने वाले जापान के साथ बांग्लादेश ने पहली बार पूर्ण आर्थिक साझेदारी समझौते (Economic Partnership Agreement – EPA) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता बांग्लादेश को जापान के बाजार में ड्यूटी-फ्री एक्सेस, निवेश के अवसर, तकनीकी सहयोग, सर्विस सेक्टर में ट्रेड और सप्लाई चेन मैनेजमेंट में रणनीतिक साझेदारी का मार्ग खोलता है।
यह समझौता जापान की राजधानी टोक्यो में किया गया, जहां बांग्लादेश के वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौजूद रही। वाणिज्य सचिव महबूबुर रहमान ने इसे बांग्लादेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि यह किसी विकसित देश के साथ किया गया पहला पूर्ण EPA है। इसका उद्देश्य जापानी निवेश को आकर्षित करना और देश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करना है।

इस डील के तहत बांग्लादेशी निर्यातकों को लगभग 97 प्रतिशत उत्पादों पर जापान में ड्यूटी-फ्री एक्सेस मिलेगा, जिसमें रेडीमेड गारमेंट्स जैसे प्रमुख उत्पाद शामिल हैं। हालांकि जापानी ऑटोमोबाइल कंपनियों को ड्यूटी-फ्री एंट्री नहीं दी गई है, ताकि वे बांग्लादेश में स्थानीय विनिर्माण में निवेश करें।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जापान पहले से ही बांग्लादेश का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और इस डील से निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह समझौता बांग्लादेश को वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
