DB l लगातार सात दिनों से इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में भारी रद्दीकरण और देरी की वजह से देशभर में हजारों यात्री परेशान हैं। इस हवाई संकट को देखते हुए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है और यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। हावड़ा–दिल्ली, हावड़ा–मुंबई और हावड़ा–जोधपुर के बीच धनबाद होकर विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा पुरी से दिल्ली के लिए भी स्पेशल ट्रेनें शुरू की जाएंगी।

रेलवे ने भीड़ को देखते हुए राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। 22812 नई दिल्ली–भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त फर्स्ट एसी कोच जोड़ा गया है। वहीं 22823 भुवनेश्वर–नई दिल्ली और 22824 नई दिल्ली–भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़े जा रहे हैं। पूर्व तटीय रेलवे ने बताया कि 22811 भुवनेश्वर–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में भी एक अतिरिक्त फर्स्ट एसी कोच लगाया गया है।
हावड़ा–मुंबई स्पेशल ट्रेन नैहाटी, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, कोडरमा, गया, सासाराम, डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी और कल्याण में रुकेगी। हावड़ा–दिल्ली स्पेशल ट्रेन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, कोडरमा, गया, सासाराम, डीडीयू, प्रयागराज, गोविंदपुरी, इटावा और टूंडला में ठहराव लेगी। हावड़ा–जोधपुर स्पेशल ट्रेन के लिए भी कई प्रमुख स्टेशनों पर स्टॉपेज तय किए गए हैं।

इंडिगो की उड़ानों में गड़बड़ी की मुख्य वजह संशोधित फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम बताए जा रहे हैं, हालांकि DGCA ने इन नियमों में कुछ ढील भी दी है। इसके बावजूद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और कंपनी प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस भेजा है।
इंडिगो ने अब तक कैंसिल और लेट हुई उड़ानों के लिए करीब 610 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया है। वहीं कंपनी के शेयरों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है। बाजार में लगातार कमजोर सेंटिमेंट के बीच निवेशकों की चिंता बढ़ी है। फिलहाल रेलवे की इन स्पेशल ट्रेनों से परेशान यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
