DB । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियां उनमें भरे डीजल में पानी मिला होने की वजह से रतलाम में अचानक बंद हो गईं । यह घटना रतलाम के एक पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद हुई। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित पेट्रोल पंप को सील कर दिया और इंदौर से नई गाड़ियों की व्यवस्था की ताकि सीएम के कार्यक्रम में बाधा न आए ।
गुरुवार रात करीब 10 बजे सीएम काफिले की 19 कारें रतलाम शहरी सीमा के डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंची थीं। डीजल भरवाने के कुछ ही समय बाद सभी गाड़ियां कुछ दूरी पर जाकर बंद हो गईं। उन्हें धक्का लगाकर सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आनंद गोरे सहित मौके पर पहुचे।
जांच में पता चला कि गाड़ियों में 20 लीटर डीजल डलवाया गया था, उनमें से लगभग 10 लीटर पानी निकला। यह स्थिति लगभग सभी वाहनों में पाई गई। एक ट्रक चालक ने भी 200 लीटर डीजल भरवाया था, जो थोड़ी दूरी पर ही बंद हो गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भारत पेट्रोलियम के एरिया मैनेजर श्रीधर को बुलाया। मैनेजर ने संभावना जताई कि बारिश के कारण पेट्रोल टैंक में पानी का रिसाव हुआ हो सकता है, नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने बताया कि बारिश के कारण पेट्रोल टैंक में पानी का रिसाव होने की आशंका है । संबंधित पेट्रोल पंप शक्ति फ्यूल्स, इंदौर निवासी शक्ति पति एचआर बुंदेला के नाम पर है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रात में ही पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
