file photo
DB ।खंडवा। जबलपुर और पुणे के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पश्चिम मध्य रेल ने जबलपुर-पुणे-जबलपुर एक्सप्रेस के खंडवा रेलवे स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है। ट्रेन का यह ठहराव 20 सितंबर से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। लंबे समय से खंडवा के यात्रियों को इस ट्रेन के ठहराव का इंतजार था।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 20162/20161 जबलपुर-पुणे-जबलपुर एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन संचालित होती है। अब यह ट्रेन खंडवा स्टेशन पर भी निर्धारित समय के अनुसार रुकेगी। इससे खंडवा और आसपास के यात्रियों को जबलपुर तथा पुणे के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

रविवार को जबलपुर से आने वाली ट्रेन रुकेगी
गाड़ी संख्या 20162 जबलपुर-पुणे एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को खंडवा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन के पहुंचने का निर्धारित समय रात 8:03 बजे है। यहां ट्रेन दो मिनट रुकने के बाद रात 8:05 बजे पुणे के लिए रवाना होगी।
सोमवार रात पुणे से खंडवा पहुंचेगी ट्रेन
इसी तरह गाड़ी संख्या 20161 पुणे-जबलपुर एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को खंडवा पहुंचेगी। ट्रेन के खंडवा पहुंचने का समय रात 11:03 बजे निर्धारित किया गया है। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 11:05 बजे जबलपुर के लिए रवाना होगी।
यात्रियों को मिलेगा नया विकल्प
अब तक यह ट्रेन हरदा के बाद सीधे बुरहानपुर में रुकती थी, जिसके कारण खंडवा के यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ नहीं मिल पाता था। खंडवा में ठहराव शुरू होने से यात्रियों को जबलपुर और पुणे के बीच सीधी यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रेलवे के इस निर्णय से खंडवा सहित आसपास के क्षेत्रों के उन यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी, जो नियमित रूप से जबलपुर और पुणे के बीच आवागमन करते हैं। नए ठहराव से दोनों शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।
