file photo
DB । जबलपुर में 48 पाव और 359 बोतल ब्रांडेड अंग्रेजी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार…
जबलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब से भरी एसयूवी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा का बूम बैरियर तक तोड़ दिया। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका और उसे पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बरगी पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि धूमा की ओर से एक एसयूवी में बड़ी मात्रा में शराब भरकर जबलपुर की ओर लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम निगरी कैनाल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने एसयूवी क्रमांक एमपी 20 जेडडब्ल्यू 5181 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और तेज गति से भागने लगा। पीछा कर रही पुलिस से बचने के प्रयास में चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़कर वाहन आगे निकाल दिया।
पुलिस ने पीछा जारी रखते हुए घेराबंदी कर बेलखाड़ू निवासी आशुतोष शिवहरे (30 वर्ष) को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। एसयूवी से 48 पाव और 359 बोतल ब्रांडेड अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त एसयूवी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा शराब की अनुमानित कीमत और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पूरे जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में बरगी और पनागर पुलिस द्वारा भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर शराब के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
