DB । डिजिटल लेबर चौक’ एप से श्रमिक सीधे नियोक्ताओं से जुड़ेंगे, एजेंट की जरूरत नहीं ।
जबलपुर। काम की तलाश में रोजाना चौराहों और लेबर चौकों पर घंटों इंतजार करने वाले श्रमिकों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें रोजगार के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। ‘डिजिटल लेबर चौक’ मोबाइल एप के जरिए श्रमिक घर बैठे अपनी योग्यता और कौशल के मुताबिक काम तलाश सकेंगे और सीधे नियोक्ताओं से जुड़ सकेंगे। खास बात यह है कि रोजगार दिलाने के लिए किसी एजेंट की जरूरत नहीं होगी।
घर बैठे कौशल के अनुसार खोज सकेंगे काम
सहायक श्रम आयुक्त, जबलपुर ने बताया कि एप के जरिए श्रमिक घर बैठे अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार दैनिक रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे। मध्यप्रदेश के समग्र पोर्टल पर पंजीकृत नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। श्रमिक एप पर ‘श्रमिक’ के रूप में पंजीयन कर अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

नियोक्ता दर्ज करेंगे काम, स्थान और मजदूरी
एप पर ठेकेदार, फैक्टरी मालिक और अन्य नियोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार काम की जानकारी पोस्ट कर सकेंगे। इसमें काम का प्रकार, स्थान और दैनिक मजदूरी जैसी जानकारी दर्ज की जाएगी। इससे श्रमिकों को अपनी सुविधा और कौशल के अनुसार रोजगार चुनने में आसानी होगी।
सत्यापन के बाद ही पोस्ट होगी नौकरी
रोजगार प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नियोक्ताओं को अपनी प्रोफाइल का सत्यापन कराना होगा। इसके लिए फैक्टरी आईडी, दुकान लाइसेंस या ठेकेदार लाइसेंस का उपयोग किया जा सकेगा। सत्यापन के बाद ही नियोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार काम पोस्ट कर सकेंगे। काम पूरा होने के बाद श्रमिक और नियोक्ता दोनों के लिए फीडबैक एवं रेटिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
लेबर चौक और निर्माण स्थलों पर उपयोग की अपील
सहायक श्रम आयुक्त ने जिले के लेबर चौकों, नाकों और निर्माण स्थलों पर एकत्रित होने वाले श्रमिकों के साथ नियोक्ताओं, ठेकेदारों और निर्माण स्थल प्रभारियों से एप का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। श्रमिक एप डाउनलोड कर ‘श्रमिक’ और नियोक्ता ‘नियोक्ता’ के रूप में पंजीयन करा सकते हैं। इससे काम और श्रमिक के बीच सीधा संपर्क स्थापित होने के साथ रोजगार तलाशने की प्रक्रिया आसान और अधिक पारदर्शी होने की उम्मीद है।
