DB । जबलपुर। आम जनता की थाली में मिलावट, गंदगी और स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार दूषित एवं मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विजय नगर क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए, संदिग्ध सामग्री जब्त की गई और गंभीर अनियमितताएं मिलने पर जुर्माने के साथ एफआईआर की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राज डेयरी: दूध-घी के नाम पर स्वच्छता से समझौता…
विजय नगर क्षेत्र स्थित राज डेयरी के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता मानकों में लापरवाही पाए जाने पर टीम ने पनीर और घी के सैंपल लिए। प्रतिष्ठान पर 3 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।


Blinkit: ऑनलाइन ऑर्डर का मतलब गुणवत्ता से समझौता …
उखरी तिराहा स्थित Blinkit Commerce Pvt. Ltd. के स्टोर के औचक निरीक्षण के दौरान ‘पूजा घी’ के नाम से पैकेट बंद घी का विक्रय पाया गया। टीम ने मौके से 16 किलो पूजा घी जब्त कर उसका सैंपल लिया। साथ ही संदेह के आधार पर अमूल बटर का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया।

बड़कुल स्वीट एंड रेस्टोरेंट: बड़ा नाम, लेकिन क्या ग्राहक के भरोसे के साथ भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी?
दीनदयाल चौक स्थित बड़कुल स्वीट एंड रस्टोरेंट के निरीक्षण में टीम को अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन एवं मिठाइयों का निर्माण होता मिला। डीप फ्रीजर में फफूंद लगी गंदगी के बीच करीब 100 पीस सड़े हुए मोमोज और लगभग 5 किलो शेजवान चटनी रखी मिली। इनके सैंपल लिए गए और शेष सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।
गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रतिष्ठान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा मैनेजर और मालिक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

“नाम बड़ा हो सकता है, लेकिन ग्राहक के स्वास्थ्य से बड़ा कोई कारोबार नहीं—बड़कुल जैसे बड़े रेस्टोरेंट में अगर ऐसी लापरवाही मिलती है तो सवाल सीधे ग्राहक के भरोसे पर उठता है।”
सैंपल भोपाल लैब भेजे जाएंगे, रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में राज डेयरी पर 3 हजार रुपये और बड़कुल स्वीट एंड रेस्टोरेंट पर 10 हजार रुपये सहित कुल 13 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
नगर निगम मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों एवं विक्रेताओं के विरुद्ध जांच और कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
सबसे बड़ा सवाल यही है—ग्राहक जब पैसे देकर खाना खरीदता है, तो क्या उसे साफ-सफाई और गुणवत्ता की गारंटी नहीं मिलनी चाहिए? जनता का भरोसा किसी भी दुकान, ब्रांड या रेस्टोरेंट की सबसे बड़ी पूंजी है, और उस भरोसे से खिलवाड़ पर कार्रवाई जरूरी है।
