DB l जबलपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के तहत छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब योजना के अंतर्गत 15 हजार और 25 हजार रुपये का ऋण समय पर चुकाने वाले पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों द्वारा क्रेडिट कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे उन्हें कार्यशील पूंजी की तत्काल उपलब्धता होगी और कारोबार को आगे बढ़ाने में आसानी मिलेगी।
नगर निगम में आयोजित पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा है कि पथ विक्रेता केवल ऋण तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें नियमित बैंकिंग सेवाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राही अब क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आवश्यकतानुसार राशि का उपयोग कर सकेंगे, जिससे उन्हें बार-बार ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।

निगमायुक्त ने बैंकों से पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर क्रेडिट कार्ड जारी करने और योजना का लाभ अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स तक पहुँचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने, बेहतर क्रेडिट हिस्ट्री विकसित करने और छोटे व्यापारियों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने की दिशा में यह पहल बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।
पीएम स्वनिधि योजना के इस नए प्रावधान से शहर के हजारों रेहड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स को व्यापार विस्तार, दैनिक जरूरतों और आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं के लिए मजबूत आर्थिक संबल मिलेगा। यह पहल आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने के साथ-साथ छोटे कारोबारियों की आर्थिक उन्नति को भी नई गति देगी।
