DB l होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ईरान द्वारा तीन कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की खबर सामने आई है। यह घटना उस समय हुई, जब कुछ ही घंटे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा की थी।
ब्रिटिश सेना के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक कंटेनर जहाज पर बिना किसी चेतावनी के फायरिंग की। रिपोर्ट में बताया गया है कि सुबह करीब 7:55 बजे यह हमला हुआ, हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

ईरानी मीडिया ने इस कार्रवाई को होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण को लागू करने का कदम बताया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब क्षेत्र में पहले से ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। हाल ही में अमेरिकी सेना ने ईरान के एक कंटेनर जहाज को अपने कब्जे में लिया था और एक तेल टैंकर को भी रोका गया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लगातार सैन्य गतिविधियों और प्रतिबंधों के कारण होर्मुज से गुजरने वाली शिपिंग गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। ट्रंप ने भी स्पष्ट किया है कि अमेरिकी सेना को इस क्षेत्र में नाकाबंदी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात नहीं सुधरे, तो वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार पर गंभीर असर पड़ सकता है। यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बन गई है।
