DB l तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रैली के दौरान मची भगदड़ ने पूरे देश को हिला दिया है। इस घटना में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 17 महिलाएं, 13 पुरुष, 4 बच्चे और 5 बच्चियां शामिल हैं। इसके अलावा 70 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, रैली के लिए 10 हजार लोगों की अनुमति दी गई थी, लेकिन करीब 50 हजार लोग जमा हो गए। भीड़ बेकाबू हो गई और जैसे ही विजय लगभग छह घंटे की देरी से मंच पर पहुंचे, बैरिकेड्स टूट गए और भगदड़ मच गई।
पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। वहीं विजय ने भी अपने पहले बयान में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “मेरा दिल टूट गया है, मैं असहनीय पीड़ा में हूं।” उन्होंने मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की।

घटना पर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। पुलिस ने विजय की पार्टी TVK के दो वरिष्ठ नेताओं एन आनंद और सीटी निरमल कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि रैली आयोजित करने वाली पार्टी को भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जस्टिस अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में जांच आयोग गठित करने की घोषणा की है।
इस घटना ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री को भी गमगीन कर दिया है। रजनीकांत, कमल हासन और विशाल जैसे बड़े सितारों ने शोक जताया और इसे बेहद दुखद बताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग घंटों भूखे-प्यासे इंतजार कर रहे थे और विजय की देरी से पहुंचने पर भीड़ बेचैन हो गई। जैसे ही उनके आने की घोषणा हुई, लोग मंच की ओर भागे और हालात बेकाबू हो गए।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय 2,000 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन भीड़ का आकार इतना बड़ा था कि हालात पर काबू पाना मुश्किल हो गया। यह भी सामने आया है कि मंच से एक बच्ची को खोजने की अपील के दौरान अफरा-तफरी और बढ़ गई, जिससे भगदड़ का रूप ले लिया। करूर हादसे ने न सिर्फ तमिलनाडु बल्कि पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच आयोग क्या निष्कर्ष निकालता है और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
