DB l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात दौरे पर भावनगर पहुंचे, जहां उन्होंने 34,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पोर्ट-लेड डेवलपमेंट, ऊर्जा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत की। भावनगर में हुए इस कार्यक्रम को उन्होंने पूरे भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि समुद्र के जरिए विकास का रास्ता 21वीं सदी के भारत की बड़ी ताकत बनेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत “एक अलग मिजाज” के साथ आगे बढ़ रहा है और अब जो लक्ष्य तय होते हैं, वे समय से पहले पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सोलर सेक्टर में भारत अपने टारगेट 4-5 साल पहले ही हासिल कर रहा है। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि अब सरकार ने बड़े जहाजों को इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में मान्यता दे दी है, जिससे मरीन सेक्टर में नई क्रांति आएगी।

अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश की ताकत को नजरअंदाज किया और देश को लाइसेंस-कोटा राज में उलझाकर रखा। इसके कारण भारत वह मुकाम हासिल नहीं कर पाया, जिसका वह हकदार था। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने देश के युवाओं को भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “2047 तक हमें विकसित होना है तो आत्मनिर्भरता ही रास्ता है। Chip हो या Ship, हमें भारत में ही बनाने होंगे।”
मोदी ने अपने जन्मदिन (17 सितंबर) पर मिले आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए जनता का आभार भी जताया। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए बताया कि गुजरात सहित पूरे देश में लाखों लोगों ने रक्तदान और स्वच्छता अभियान में भाग लिया है। नवरात्रि से पहले उन्होंने उत्सव के माहौल का उल्लेख करते हुए कहा कि जीएसटी में कमी से इस बार बाजारों में और ज्यादा रौनक रहेगी।
