DB l गोरखपुर में NEET छात्र की हत्या से बवाल: गांव में आगजनी और पथराव, चार थानों की फोर्स तैनात…
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में सोमवार देर रात 19 वर्षीय NEET छात्र दीपक गुप्ता की हत्या ने पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैला दिया। बताया जा रहा है कि गौ तस्कर तीन डीसीएम गाड़ियों में भरकर गांव पहुंचे और खूंटे से बंधे मवेशियों को खोलने लगे। शोर सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए और दीपक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। इसी दौरान तस्करों ने दीपक को जबरन गाड़ी में बिठाकर अगवा कर लिया। कुछ घंटों बाद उसकी लाश गांव से चार किलोमीटर दूर मिली। दीपक की मौत मुंह में गोली मारने से हुई बताई जा रही है, पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सिर पर चोट को कारण बताया है।

घटना के बाद मंगलवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ ने तस्करों की एक डीसीएम गाड़ी को आग के हवाले भी कर दिया। पथराव में SP नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख मौके पर चार थानों की फोर्स और PAC की भारी तैनाती की गई है।
दीपक गुप्ता मेडिकल की तैयारी कर रहा था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और अपराधियों के हौसले बुलंद होने से यह वारदात हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही जिलाधिकारी, एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है और गांव में भारी सुरक्षा बल तैनात है ताकि स्थिति और न बिगड़े।
गोरखपुर में यह वारदात न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि एक होनहार छात्र की बलिदान जैसी मौत ने समाज को झकझोर दिया है।
