हैंडशेक गायब… मुस्कान लापता! इंडिया की जीत पर पाकिस्तान का बुरा हाल l
DB l एशिया कप 2025 के बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले में रविवार को भले ही टीम इंडिया ने सात विकेट से आसान जीत दर्ज की हो, लेकिन असली चर्चा मैदान के बाहर हुई। इस बार न तो खिलाड़ियों के दिल मिले और न ही हाथ। वजह साफ़ थी—पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच चरम पर पहुँचा तनाव।
सूर्यकुमार यादव ने विजयी छक्का जड़ते ही सीधे ड्रेसिंग रूम का रास्ता पकड़ा, न पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और न ही मुस्कान बांटी। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा तो प्रेज़ेंटेशन तक में नहीं आए। मैच से पहले टॉस पर भी हैंडशेक गायब था। ये वही भारत-पाक मैच थे, जिनका दुनिया भर के फैन्स बेसब्री से इंतज़ार करते थे, लेकिन इस बार न रोमांच था न गर्मजोशी। यहाँ तक कि स्टेडियम में खाली कुर्सियाँ भी इस खामोशी की गवाही दे रही थीं।

क्रिकेट नहीं, ठंडी जंग खेली गई! इंडिया-पाक भिड़ंत में गर्मजोशी नदारद
भारत की जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार ने इसे भारतीय सेना को समर्पित किया और पहलगाम हमले का ज़िक्र कर माहौल और भावुक बना दिया। उधर पाकिस्तान का हाल बेहाल रहा- ना बल्लेबाज़ी चली, ना गेंदबाज़ी। शोएब अख़्तर ने करारा बयान दिया-“दुनिया आसमान वाली क्रिकेट खेल रही है और हम क्लब लेवल पर भी खरे नहीं उतर रहे।”
पाकिस्तान में फैंस और पूर्व क्रिकेटरों ने अपनी ही टीम को आड़े हाथ लिया। कामरान अकमल तक ने कह दिया कि पाकिस्तान अब सिर्फ़ निचली टीमों के सामने ही अच्छा लगता है। वहीं शाहिद अफ़रीदी ने एक और मोर्चा खोल दिया—क्रिकेट को क्रिकेट रहने दो, सियासत मत घुसाओ।
लेकिन हक़ीक़त यही है कि इस मैच ने दिखा दिया—क्रिकेट अब महज़ खेल नहीं रहा, बल्कि सरहद पार की राजनीति और तनाव का आईना बन चुका है। सवाल सिर्फ़ इतना है—क्या आने वाले दिनों में भारत-पाक मैच जंग का मैदान बनकर रह जाएँगे?
छक्का लगा, पर हाथ न मिलाl इंडिया ने जीता मैच, पाकिस्तान ने खोया मानl
