DB । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक छोटे बांध का एक हिस्सा टूटने से भीषण तबाही मच गई है। मंगलवार देर रात हुई इस घटना में अचानक आई बाढ़ में दो घर बह गए, जिससे 4 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य लापता हो गए। मृतकों में एक ही परिवार की सास-बहू भी शामिल हैं, जबकि दो बच्चों समेत एक ग्रामीण अभी भी लापता हैं।
यह हादसा बलरामपुर के विश्रामनगर स्थित धनेशपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण 1980-81 में निर्मित लुटी बांध में दरार आ गई, जिससे जलाशय का पानी सैलाब बनकर निकला। इस तेज बहाव में दो घर बह गए, जिनमें से एक घर रामवृक्ष का था। जब यह हादसा हुआ, रामवृक्ष मवेशियों को लेने गए थे, जिससे वह बच गए, लेकिन उनके परिवार के सदस्य बाढ़ की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व तलाशी अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने चार शव बरामद किए हैं, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि, लापता तीन लोगों की तलाश अभी भी जारी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि उनके शव पास से गुजरने वाली कनहर नदी में बह गए होंगे।
यह भी जानकारी मिली है कि लगभग 10-12 साल पहले भी यह बांध लीक होने लगा था, जिसकी मरम्मत कराई गई थी। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
