जबलपुर का मास्टर प्लान तैयार, 18 महीने में 222 करोड़ की परियोजनाएँ होंगी पूरी
जबलपुर l शहर को मानसून सीजन में जलभराव और बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नगर निगम जबलपुर को 222 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि यह राशि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त योगदान से आई है, जिसमें 90 प्रतिशत केंद्र और 10 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। यह प्रोजेक्ट मास्टर प्लान बनाकर 18 महीने में पूरा किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि जबलपुर को आपदा प्रबंधन के चौथे चरण में देश के 11 शहरों में शामिल किया गया है। योजना के तहत शहर में पिछले 50 सालों के बारिश के डाटा का विश्लेषण किया जाएगा। जलभराव से प्रभावित इलाकों में वर्षा जल निकासी के लिए सर्वे, कंटूरिंग और थ्री डी एलीवेशन मॉडल पर काम होगा। प्राकृतिक आधारित समाधान अपनाते हुए तालाबों का जीर्णोद्धार कर बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी, साथ ही सुलूश गेट लगाकर उनकी जलभराव क्षमता बढ़ाई जाएगी। शहर के लो-लाइन एरिया में कृत्रिम तालाब और मोबाइल पंपिंग स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। छोटे-बड़े नालों और पुलियों का निर्माण एवं मरम्मत भी परियोजना का हिस्सा होगा।
कठौंदा और ललपुर स्थित एसटीपी प्लांट को सोलर एनर्जी से चलाने के लिए 8 करोड़ रुपए से सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘जल ही अमृत’ सर्वेक्षण 2025 में जबलपुर के 34 एमएलडी ललपुर और 32 एमएलडी कठौंदा एसटीपी को ‘स्वच्छ जल क्रेडिट’ आधार पर 5 स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। इसके आधार पर नगर निगम को 8 करोड़ रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में मिले हैं।
इसके अलावा नगर निगम को 20 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं, जिससे स्टेडियम मार्केट को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। मार्केट में एकरूपता लाने और हिन्दी भाषा में नामकरण करने का कार्य भी शुरू किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली राशि का उपयोग सरकारी कार्यालयों और भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग यूनिट लगाने में होगा। साथ ही सड़कों के किनारे वर्षा जल संग्रहण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पारगम्य पेवर का कार्य किया जाएगा।
महापौर ने उम्मीद जताई कि 222 करोड़ रुपए की इस योजना से जबलपुर को स्थायी समाधान मिलेगा और शहरवासियों को जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए राहत मिलेगी।
