file photo
DB । जबलपुर। शहर के एक रियल एस्टेट कारोबारी को कथित रूप से ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये मांगने वाली आर्केस्ट्रा डांसर को पुलिस ने ढाई लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला कारोबारी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर लगातार रुपयों की मांग कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और दमोहनाका मार्ग स्थित होटल कदम ट्री के पास से उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली निवासी पूजा रैदास रोहणी (32) आर्केस्ट्रा डांसर है। कुछ महीने पहले एक कार्यक्रम के दौरान उसकी पहचान ग्वारीघाट निवासी रियल एस्टेट कारोबारी सार्थक सिंह गौतम से हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत के बाद उनके बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों की मुलाकातें भी होने लगीं।

आरोप है कि कुछ समय बाद महिला ने कारोबारी से रुपयों की मांग शुरू कर दी। रुपये नहीं देने पर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। महिला ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग रखी थी। बातचीत के बाद वह सात लाख रुपये लेने पर सहमत हुई। ब्लैकमेलिंग से परेशान कारोबारी ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने महिला को पकड़ने की योजना बनाई।
पुलिस की योजना के तहत कारोबारी और महिला के बीच फोन पर बातचीत कराई गई और रविवार को होटल कदम ट्री में मिलने का तय हुआ। कारोबारी ने पहली किस्त के रूप में ढाई लाख रुपये महिला को दिए। जैसे ही उसने रकम ली, होटल के बाहर पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस महिला की पृष्ठभूमि और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल तो नहीं है।
