DB l जबलपुर में परिवहन विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए अप्रैल माह में विशेष सघन जांच एवं राजस्व वसूली अभियान चलाया। मध्यप्रदेश शासन, परिवहन विभाग के निर्देशानुसार संभागीय परिवहन सुरक्षा उड़नदस्ता द्वारा चलाए गए इस अभियान में ₹2,04,900 की उल्लेखनीय वसूली की गई। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान अधिनियम के तहत की गई।

अभियान के दौरान बिना वैध परमिट, समाप्त दस्तावेज, टैक्स बकाया, फिटनेस की कमी, बीमा और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में वाहनों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। प्रभारी राजेंद्र साहू के अनुसार, वाहन क्रमांक HR 84 2687 से ₹80,500, RJ 20 GB 7007 से ₹70,500 और MH 40 CM 9795 से ₹35,900 की वसूली की गई।
इसके अलावा स्कूल वाहनों पर भी सख्ती बरती गई। जांच के दौरान 6 स्कूल बसें बिना फिटनेस के पाई गईं, जिनसे ₹18,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं 2 वैन में अवैध रूप से लगी LPG किट को मौके पर ही हटवाकर संबंधित चालकों पर कार्रवाई की गई।
विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि वाहन चालकों और मालिकों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। सभी से अपील की गई है कि वे अपने दस्तावेज अद्यतन रखें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

इसी बीच 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकु शर्मा के नेतृत्व में 4 यात्री वाहनों को जब्त किया गया। विभाग के अनुसार, 49 ऐसे अनुज्ञापत्र चिन्हित किए गए हैं जिनमें संचालित वाहन 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनका प्रतिस्थापन नहीं किया गया।
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार जप्ती और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान से साफ संदेश गया है कि अब परिवहन नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
