पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर BJP ने बनाई बड़ी योजना, 21 दिन तक चलेगा ‘खास’ अभियान
भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर खास अभियान चलाने की योजना बनाई है। भारतीय जनता पार्टी ने पीएम जन्मदिन के मौके पर अपने कार्यकर्ताओं को एकबार फिर से 21 दिनों तक आम जनता के बीच में उतारने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को 21 दिनों तक चलने वाले ‘सेवा एवं समर्पण अभियान’ की शुरुआत करेगी।
पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाला ‘सेवा एवं समर्पण अभियान’ 7 अक्टूबर तक चलेगा। दरअसल 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। इस साल 7 अक्टूबर 2021 को गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में वो अपने कार्यकाल के 20 साल पूरे कर रहे हैं। भाजपा द्वारा चलाए जाने वाले सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता देशभर में अलग-अलग तरह के कार्यक्रम करेंगे।
