file photo
DB ।जबलपुर। शहर में वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो गिरोह का हनुमानताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 13 दोपहिया वाहन, लूटे गए पांच मोबाइल, चाकू सहित करीब 15 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी टोली बनाकर पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक और स्कूटर चोरी करते थे। इसके बाद इन्हीं चोरी के वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल झपटमारी की वारदातों में किया जाता था।

कब्रिस्तान में चोरी की बाइक के साथ मिले चार
गुरुवार रात पुलिस टीम ने मंडी मदार टेकरी स्थित कब्रिस्तान में दबिश दी। यहां चार युवक चोरी की चार बाइक के साथ मिले। तलाशी के दौरान उनके पास पांच मोबाइल, चाकू और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में वाहन चोरी और मोबाइल लूट की वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपितों की निशानदेही पर चार अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए गए।
बकरा मार्केट से तीन आरोपी पकड़े
पुलिस की दूसरी टीम ने भानतलैया के बकरा मार्केट में तीन युवकों को चोरी की मोपेड के साथ पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने चार अन्य चोरी के वाहन घर के पास छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने निशानदेही पर इन वाहनों को भी बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि बरामद वाहन ग्वारीघाट, कैंट, लार्डगंज, कोतवाली, विजय नगर, गोरखपुर और मदनमहल थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक
पुलिस के मुताबिक आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्टर चाबी से बाइक-स्कूटर के लॉक खोलते थे। लॉक नहीं खुलने पर हैंडल तोड़कर वायर काटकर वाहन को डायरेक्ट कर लेते थे। बाद में इन्हीं वाहनों से मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया जाता था।
पकड़े गए आरोपितों में एक नाबालिग सहित अयान उर्फ अल्लू खान, सोहेल उर्फ गुलाम गौस, मुजम्मिल कुरैशी, मुदस्सिर कुरैशी, फैजान उर्फ फिज्जू खान और मोईन उर्फ सुरमेश अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, मारपीट, वसूली और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
