DB । जबलपुर-मंडला सीमा पर सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; 50,500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल SUV बरामद ।
जबलपुर-मंडला सीमा पर मनेरी चौकी क्षेत्र स्थित अतुलित फिलिंग्स सेंटर में हुई डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि प्रारंभिक जांच में सात लोगों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक इंजीनियरिंग छात्र आयुष विश्वकर्मा ने पूरी वारदात की साजिश रची थी और उसे मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आयुष समेत तीन अन्य आरोपित अभी फरार हैं।
डकैती की यह वारदात नौ अगस्त की आधी रात को बीजाडांडी थाना क्षेत्र की मनेरी पुलिस चौकी के अंतर्गत पेट्रोल पंप पर हुई थी। छह-सात नकाबपोश बदमाश SUV से पेट्रोल पंप पहुंचे और देसी कट्टे समेत अन्य हथियारों के दम पर कर्मचारियों को धमकाया। इसके बाद कार्यालय का ताला तोड़कर वहां रखे 93 हजार 875 रुपये लूट लिए और फरार हो गए। आरोपितों की गिरफ्तारी पर मंडला पुलिस ने कुल 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
वारदात के बाद पुलिस ने आठ टीमें गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और उनकी मैपिंग की गई। फुटेज में बदमाशों के जबलपुर की ओर भागने के सुराग मिले। इसके बाद मंडला पुलिस ने जबलपुर पुलिस के सहयोग से संदिग्धों की तलाश तेज की।

जांच के दौरान गढ़ा-पुरवा निवासी शिवम श्रीपाल तथा भूकंप कॉलोनी निवासी पवन झारिया और सौरभ शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने मनेरी निवासी अमित झारिया और अन्य साथियों के साथ मिलकर डकैती करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अमित को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से लूट की रकम में से 50 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि बदमाशों ने पहले कई स्थानों की रैकी की थी। उन्होंने मनेरी के पास स्थित पेट्रोल पंप को इसलिए चुना क्योंकि यह अपेक्षाकृत सूनसान इलाके में था और आसपास बड़ी बस्ती या अधिक आवाजाही नहीं थी। पुलिस के अनुसार आरोपितों को लगा कि वारदात के बाद इस रास्ते से आसानी से फरार हुआ जा सकता है।
डकैती में इस्तेमाल SUV भी पुलिस ने जब्त कर ली है। वाहन क्रमांक MP 20 ZX 1968 आरोपितों ने अपने एक दोस्त से घूमने जाने की बात कहकर किराए पर लिया था। पुलिस अब फरार आरोपितों और इंजीनियरिंग छात्र आयुष विश्वकर्मा की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपितों में एक अंडे का ठेला लगाता है, जबकि तीन ड्राइवर हैं। इनमें से दो के आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
