DB l जबलपुर के खमरिया थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पांच दिन से लापता युवक का शव लालपुर डैम में मिला। घटना उस समय सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने डैम में एक मगरमच्छ को युवक के शव को नोचते हुए देखा। यह दृश्य देखकर लोगों में दहशत फैल गई, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को भगाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाकर कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस को डैम में मगरमच्छ द्वारा शव खाए जाने की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई।

मृतक की पहचान धाना निवासी हिमांशु मोहबिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लगभग पांच दिन पहले उसका अपनी पत्नी से घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर छोड़कर चला गया था। युवक के अचानक लापता होने पर परिवार ने खमरिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या की या वह किसी हादसे का शिकार हुआ। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वह डैम तक कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
