DB l लाहौर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सदस्य अमीर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। यह हमला एक न्यूज चैनल के कार्यालय के बाहर हुआ, जहां अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल हमजा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पाकिस्तानी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन हमलावरों की पहचान अभी तक सामने नहीं आई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अमीर हमजा को लश्कर-ए-तैयबा के शुरुआती और प्रभावशाली चेहरों में गिना जाता है। उसने आतंकी सरगना हाफिज सईद के साथ मिलकर संगठन की नींव रखी थी। वह संगठन के प्रचार, फंडिंग और भर्ती नेटवर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता रहा है। साथ ही वह कट्टरपंथी लेखन और भड़काऊ भाषणों के लिए भी जाना जाता रहा है।

अमेरिका ने भी हमजा को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित कर रखा है और उसका नाम कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ा रहा है। 2018 में पाकिस्तान में आतंकी फंडिंग पर कार्रवाई के बाद उसने खुद को अलग दिखाने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में नए गुट के जरिए सक्रिय रहने की खबरें सामने आईं। फिलहाल इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।
इसे आपसी रंजिश, गुटीय संघर्ष या किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। यह घटना पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
