DB l भारतीय जनता पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को Z कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। यह फैसला इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, जिसमें संभावित खतरों को देखते हुए उच्च स्तरीय सुरक्षा की सिफारिश की गई थी। नितिन नबीन की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो संभालेंगे।
Z कैटेगरी सुरक्षा देश की प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाओं में से एक मानी जाती है। इसके तहत 24 घंटे हथियारबंद सुरक्षा कर्मी, क्लोज प्रोटेक्शन टीम, एस्कॉर्ट वाहन और अन्य आधुनिक सुरक्षा इंतजाम शामिल होते हैं। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन की राजनीतिक सक्रियता और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बढ़ोतरी को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।

बीजेपी मुख्यालय में नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी का संबोधन राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। उन्होंने कहा, “आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।” इस बयान के जरिए पीएम मोदी ने बीजेपी की कार्यकर्ता-प्रधान और लोकतांत्रिक संस्कृति को मजबूती से रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी पद से नहीं, बल्कि प्रक्रिया से चलती है। उन्होंने संगठन पर्व से लेकर अध्यक्ष चुनाव तक की पूरी प्रक्रिया को “शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक” बताया। पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि नितिन नबीन अब केवल बीजेपी ही नहीं, बल्कि पूरे एनडीए के समन्वय की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

गौरतलब है कि नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से जेपी नड्डा का स्थान लिया है। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अब पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की कमान संभालते हुए उनसे संगठन को नई दिशा देने की उम्मीद की जा रही है।
