0 0
Read Time:5 Minute, 27 Second

मध्य प्रदेश के शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को कहा कि प्रदेश में एमबीबीएस छात्रों को प्रथम वर्ष के आधार पाठ्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक के बी हेडगेवार, भारतीय जनसंघ के नेता दीनदयाल उपाध्याय, स्वामी विवेकानंद और बी आर आंबेडकर के सिद्धांतों एवं जीवन दर्शन के बारे में पढ़ाया जाएगा। इस पर मध्य प्रदेश में राजनीति शुरू हो गई है। प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह जनसंघ व आरएसएस के संस्थापकों के सिद्धांतों एवं जीवन दर्शन के बारे में एमबीबीएस छात्रों को पढ़ा कर अपनी विचारधारा को लोगों पर थोपना चाहती है, भाजपा ने कांग्रेस पर इतिहास को मिटाने और दबाने का काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश और समाज के लिए जो आदर्श हैं, उनके बारे में सभी को जानने की जरूरत है।

सारंग ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य एमबीबीएस के छात्रों को सामाजिक और नैतिक मूल्य सिखाना है। हेडगेवार, उपाध्याय, स्वामी विवेकानंद संघ के हिंदुत्व पंथ का हिस्सा हैं, जो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वैचारिक एवं राजनीतिक परामर्शदाता के रूप में माने जाते हैं। मंत्री ने कहा कि एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र आयुर्वेद के जनक महर्षि चरक और शल्य चिकित्सा के जनक के रूप में जाने जाने वाले भारत के महान चिकित्साशास्त्री ऋषि सुश्रुत के बारे में भी पढ़ेंगे।

इसका उद्देश्य नैतिक मूल्य सिखाना है

सारंग ने कहा,‘एमबीबीएस (बैचलर ऑफ मेडिसिन, बैचलर ऑफ सर्जरी) के प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम में छात्रों को हेडगेवारजी, उपाध्याय जी, स्वामी विवेकानंदजी, आंबेडकरजी और अन्य महान हस्तियों के बारे में व्याख्यान दिया जाएगा। इन महान हस्तियों के जीवन दर्शन पर दिए गए व्याख्यान छात्रों में नैतिक मूल्यों एवं सिद्धांतों के साथ-साथ सामाजिक और चिकित्सीय नैतिकता को जागृत करेंगे।

शैक्षणिक सत्र इस साल के अंत तक शुरू होने की संभावना

उन्होंने कहा,‘राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के मुताबिक, नैतिक मूल्यों को (एमबीबीएस के) प्रथम वर्ष में आधार पाठ्यक्रम का हिस्सा होना चाहिए। इसलिए हमने छात्रों के चरित्र के निर्माण के लिए इन महान हस्तियों को शामिल करने के बारे में सोचा।’

कमलनाथ ने ट्वीट कर विरोध जताया

इस पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया,‘भाजपा शुरू से ही अपनी विचारधारा और अपने खास एजेंडे को लोगों पर थोपने का काम करती रहती है, चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या अन्य क्षेत्र हों। अब मध्य प्रदेश में एमबीबीएस के छात्रों को जनसंघ व आरएसएस के संस्थापकों के विचार पढ़ाए जाएंगे।’ उन्होंने कहा कि इसके पूर्व आजादी के अमृत महोत्सव की सामग्री में भी इसी प्रकार अपनी विचारधारा के लोगों को शामिल करने का काम भाजपा ने किया है।

विष्णुदत्त शर्मा ने यहां मीडिया को बताया,‘देश और समाज के लिए जो आदर्श हैं, उन महान क्रांतिकारियों के बारे में सब को जानने की जरूरत है। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद जैसे महापुरूषों ने क्रांतिकारी आंदोलन खड़ा करने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। डॉ. हेडगेवार जी ने भारत को एक सूत्र में बांधने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना की। उन्होंने एक बड़ा विचार केवल देश ही नहीं बल्कि विश्व को दिया। पंडित दीनदयाल जी ने अंत्योदय का मंत्र देकर एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। क्या, इनके बारे में नहीं पढ़ाया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि डॉ. बाबा साहब आं‍बेडकर ने देश की एकता और अखण्डता के लिए काम किया।’

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
इस खबर को साझा करें